पूर्व मंत्री व कटेहरी के बसपा विधायक लालजी वर्मा के पुत्र विकास वर्मा द्वारा गोली मारकर खुदकुशी करने के प्रयास मामले में पुलिस ने अकबरपुर कोतवाली में केस दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि 12 मार्च को कटेहरी विधायक लालजी वर्मा के पुत्र विकास वर्मा ने अकबरपुर नगर के बनगांव स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली थी। इससे पहले उसने फेसबुक पर खुदकुशी करने के बारे में स्टेटस भी अपडेट किया था।
गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। वहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। इस बीच मामले में अकबरपुर कोतवाली में उसके विरुद्ध खुदकुशी करने के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक पीयूष श्रीवास्तव ने केस दर्ज करने की पुष्टि की है।