राज्य परिवहन निगम की आजमगढ़ से कानपुर जा रही बस में लूट के प्रयास का विरोध करने पर बदमाशों ने शनिवार देर शाम तमंचे की बट से प्रहार कर कंडक्टर को घायल कर दिया। लूट का विरोध करने पर चलाई गई गोली से एक यात्री भी घायल हो गया। विरोध के चलते बदमाश कंडक्टर का बैग छीनने में सफल नहीं हो पाए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर बदमाशों की घेराबंदी शुरू कराई। जानकारी के अनुसार आजमगढ़ डिपो की एक बस शनिवार देर शाम आजमगढ़ से कानपुर के लिए जा रही थी। वह अकबरपुर थाना क्षेत्र में पलई रामनगर के कुछ आगे पहुंची ही थी कि तभी बस में यात्री के तौर पर सवार दो बदमाशों ने बस को रुकवा लिया।
बस के रुकते ही वहां पहले से मौजूद दो अन्य बदमाश भी पहुंच गए और इसके बाद चारों बदमाश परिचालक से उसका बैग छीनने लगे। कंडक्टर ने विरोध किया तो बदमाशों में से एक ने तमंचे की बट से उसके सिर पर प्रहार कर दिया, इससे वह जख्मी हो गया। इसी बीच यात्रियों के विरोध करने पर हड़बड़ाए बदमाश बैग छोड़कर बस से निकलने लगे।
बदमाशों ने भागने से पहले गोली चला दी जिससे बस में सवार यात्री आजमगढ़ के अहिरौला निवासी रामप्रीत (32) घायल हो गया। उसे गले के निकट गोली लगी। उधर, बट से किए गए हमले के चलते परिचालक सुरेंद्र (42) निवासी जसवंतनगर इटावा भी घायल हो गया।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक राहुलराज, सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र व कोतवाल अकबरपुर महेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ सिटी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाश लूट में सफल नहीं रहे हैं। कंडक्टर व एक यात्री घायल हुआ है।