बाइक की डिक्की तोड़ 57 हजार रुपये लेकर बुधवार दिनदहाड़े दो बदमाश भाग निकले। उन्हें भागता देख स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर दौड़ाया भी लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। दोनों बदमाश एक ही बाइक पर सवार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पीड़ित ने पुलिस को घटना की तहरीर दे दी है।
थाना क्षेत्र टांडा अंतर्गत सकरावल निवासी खुर्शीद उर्फ सोनू ने बुधवार दोपहर से पहले पंजाब नेशनल बैंक और सेंट्रल बैंक से कुल 57 हजार रुपये निकाला। इस धनराशि को बाइक की डिक्की में रखकर वह वापस घर जाने लगा। गल्ला मंडी के निकट वह सड़क के किनारे बाइक खड़ी कर मोबाइल रिचार्ज कराने एक दुकान में चला गया।
इसी बीच एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां आकर रुके। दोनों ने अपने चेहरे को गमछे से ढक रखा था। एक बदमाश बाइक पर बैठा रहा जबकि दूसरे ने बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखा 57 हजार रुपये निकाल लिया। डिक्की तोड़ते समय स्थानीय लोगों ने देख लिया।
गुहार पर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े लेकिन तब तक बदमाश बाइक से भाग खड़े हुए। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना से मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भी घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बाद में पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी। एसओ बेचूसिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है।
उधर, दिनदहाड़े हुई छिनैती की घटना से स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी व्याप्त है। लोगों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से लूट, छिनैती व चोरी की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है।
तमाम मांग के बावजूद पुलिस प्रशासन इस पर अंकुश पाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। इतना ही नहीं, पूर्व में हुई वारदातों का पर्दाफाश भी पुलिस अब तक नहीं कर सकी है। इसी का नतीजा है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।