अंबेडकरनगर के हजपुरा बाजार में शुक्रवार रात चोरों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया एटीएम बूथ।
- फोटो : अमर उजाला
थाना सम्मनपुर अंतर्गत हजपुरा बाजार स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम बूथ से शुक्रवार रात्रि नकाबपोश बदमाशों ने चोरी का असफल प्रयास किया। गैस कटर की सहायता से शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर लगभग एक घंटे तक एटीएम तोडने का प्रयास करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की जानकारी होने पर शनिवार सुबह सम्मनपुर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि लगभग दो बजे नकाबपोश बदमाशों ने हजपुरा बाजार स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम बूथ के शटर का ताला गैस कटर से काट दिया।
इसके बाद तीन चोर अंदर घुस गए और एटीएम को भी गैस कटर से काटने लगे। लगभग एक घंटे के प्रयास के बाद भी उन्हें सफलता नहीं मिली। इस पर वे सभी वहां से भाग खड़े हुए। शनिवार सुबह जब सुरक्षा गार्ड वासुदेव ड्यूटी पर पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गया।
न सिर्फ शटर का ताला टूटा हुआ था बल्कि एटीएम बूथ भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। उसने इसकी सूचना तत्काल सम्मनपुर पुलिस को देने के साथ-साथ बैंक आफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक संदीप कुमार गुप्ता को भी दी। एसओ सम्मनपुर त्रिभुवन वर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का सघनता से जायजा लिया।
सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर दिखाई दिए। सभी ने अपने चेहरे को गमछा से छिपा रखा था। इससे किसी की पहचान नहीं हो सकी। बैंक शाखा प्रबंधक संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि एटीएम बूथ क्षतिग्रस्त जरूर किया गया लेकिन चोरों को रकम ले जाने में सफलता नहीं मिल सकी। बाद में उन्होंने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ त्रिभुवन वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।