अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने विभिन्न कारणों से विषाक्त पदार्थ खा लिया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से वृद्ध को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिवारीजनों के अनुसार अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत टीकमपारा गांव निवासी रामजियावन (62) पुत्र रामदयाल ने गुरुवार देर शाम खाना खाने के बाद विषैला पदार्थ खा लिया।
कुछ ही देर में उन्हें उल्टी व पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। परिवारीजनों ने सामान्य ढंग से लेते हुए उनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन तबियत और बिगड़ गई। जब उन्होंने विषाक्त पदार्थ खाने की जानकारी दी तो परिवारीजनों ने उन्हें पहले सीएचसी कटेहरी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
परिवारीजनों के अनुसार रामजियावन कई दिनों से बीमार चल रहे हैं, इसी से तंग आकर उन्होंने ऐसा कदम उठाया। उधर, सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दोस्तपुर निवासी पवन (28) पुत्र हौसिला ने गुरुवार देर शाम विषैला पदार्थ खा लिया।
उल्टी व पेट में तेज दर्द के बीच जब उसने विषाक्त पदार्थ खाने की जानकारी दी तो परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया। वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गिरंट गांव निवासी विनोद (35) पुत्र रामसागर ने शुक्रवार भोर में विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।