स्थानीय रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर पर बनी रेलवे क्रॉसिंग के पास शुक्रवार शाम एक वृद्ध ने कैफियात एक्सप्रेस के सामने कूद कर जान दे दी। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना मालीपुर रेलवे स्टेशन व पुलिस को दी। बाद में अकबरपुर रेलवे स्टेशन से पहुंची जीआरपी ने शव को अभिरक्षा में ले लिया। आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए मालीपुर पुलिस को सौंप दिया।
मालीपुर रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर पर बने रेलवे क्रॉसिंग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों को पता चला कि आजमगढ़ से चलकर दिल्ली को जाने वाली कैफियात एक्सप्रेस के सामने कूदकर एक अज्ञात वृद्ध ने अपनी जान दे दी। बताया जाता है कि वृद्ध की उम्र करीब 70 वर्ष है।
वह नीले रंग की शर्ट व नीले रंग की लुंगी पहने हुए है। आसपास के लोगों ने तत्काल घटना की सूचना मालीपुर रेलवे स्टेशन व मालीपुर थाने में दी। जीआरपी क्षेत्र का मामला होने के चलते सूचना अकबरपुर जीआरपी को दी गई।
जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर शव को अभिरक्षा में ले लिया। आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद मालीपुर पुलिस को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सौंप दिया। पुलिस ने काफी देर तक शव की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।