सुबह करीब नौ बजे कारोबारी का शव पंजाब सीमा के पास खाई से बरामद कर लिया गया।
बाइक सवार बदमाशों ने बैंक से घर जा रहे एक किसान के तमंचा सटाकर 25 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
भीटी थाना अंतर्गत चंदापुर गांव निवासी किसान राममिलन (50) पुत्र दुखी इंदिरा आवास निर्माण के लिए भीटी बाजार स्थित बैंक आफ बड़ौदा की शाखा से पैसा निकालने गए। वहां से 25 हजार रुपये निकालकर शाम पांच बजे करीब साइकिल से वह घर लौट रहा था।
जब वह अढनपुर से तेजापुर खड़ंजा मार्ग पर पहुंचा, तो पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और कुछ दूर आगे जाकर उसे रोक लिया। एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया, जबकि दूसरे ने उसकी जेब से 25 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए महरुआ की तरफ भाग गए।
दिनदहाड़े हुई लूट से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ अशोक यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।