बसखारी (अंबेडकरनगर)। पारिवारिक विवाद में पिता ने पुत्र व बहू की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के विरुद्घ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। वहीं इसी थाना क्षेत्र के रूद्रपुर भगाही में बच्चों के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की लाठी डंडों से पिटाई कर दी। पुलिस ने तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है।
मामला बसखारी थाना क्षेत्र के बसखारी कस्बे का है। बताया जाता है कि कस्बा निवासी रामनवमी का अपने पुत्र विशाल व बहू पूनम से आये दिन विवाद होता रहता है। गुरुवार शाम को भी किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। स्थिति इस कदर बिगड़ी कि पिता रामनवमी ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपने पुत्र व बहू की लाठी डंडों से पिटाई शुरू कर दी। बाद में इर्दगिर्द के लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो सका।
मारपीट में विशाल का सर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर परिजनों के विरुद्ध तहरीर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर परिवार के कुल पांच लोगों के विरुद्ध मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थाना प्रभारी जेपी सिंह ने बताया कि पीड़ित को मेडिकल के लिए भेजा गया है। वहीं दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के रूद्रपुर भगाही की है।
बीते गुरुवार शाम गांव निवासी मुफीद अहमद व नूरजहां के बीच बच्चों को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नूरजहां के साथ कुछ लोगों ने मुफीद पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया और पिटाई शुरू कर दी। पीड़ित जान बचाने के लिए घर की ओर भागा तो विपक्षियों ने उसे घर में भी दौड़ाकर पीटा। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो सका। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन महिला समेत चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।