अंबेडकरनगर। उदयपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास शुक्रवार सुबह एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल से स्कूल जा रही इंटर की छात्रा को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक के विरुद्घ केस दर्ज कर ट्रैक्टर को बरामद कर लिया है। वहीं, एक अन्य मार्ग दुर्घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए।
महरुआ थाना क्षेत्र के जैतूपुर गोसाई का पूरा निवासिनी सोनम (17) पुत्री मंशाराम जनता इंटर कॉलेज में वह कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह वह साइकिल से कॉलेज जा रही थी। वह उदयपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंची थी कि इसी बीच पीछे से ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोगों की आवाज पर ट्रैक्टर रुकता, तब तक ट्रॉली से कुचलकर छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर में ही महरुआ पुलिस मौके पर पहुंची। परिवारीजन भी रोते बिलखते वहां आ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी उदयपुर गांव से बरामद कर लिया गया, हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। मृतका के पिता मंशाराम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्घ केस दर्ज कर लिया है।
वहीं, भीटी थाना क्षेत्र के काही निवासी राम प्रसाद (60) अपने पुत्र ओमप्रकाश (20) के साथ बाइक से भीटी गए थे। वापस लौटते समय गांव के पास एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया। इससे दोनों घायल हो गए। उन्हें पहले भीटी सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राम प्रसाद की हालत गंभीर बतायी जा रही है।