जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। मूर्तिकारों के एक समूह द्वारा तैयार की जा रही दुुर्गा प्रतिमाओं को शनिवार रात अराजकतत्वों ने जहांगीरगंज बाजार में क्षतिग्रस्त कर दिया। एक-एक कर कुल 16 मूर्तियां तोड़ डाली गईं। मूर्तिकार घटना के समय पड़ोस के गांव स्थित अपने घर में थे। रविवार सुबह मूर्तियों को क्षतिग्रस्त देख लोगों में व्यापक आक्रोश फैल गया। बड़ी तादाद में लोगों के जुटने की जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। लगभग तीन घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। बाद में किसी तरह समझा बुझाकर स्थानीय लोगों को शांत कराया गया। विधायक अनीता कमल भी कुछ देर में ही मौके पर पहुंच गईं, जिससे स्थिति बिगड़ने न पाए। पुलिस ने बाद में अज्ञात के विरुद्ध जहांगीरगंज थाने में केस दर्ज कर लिया।
नवरात्र व दुर्गा पर्व में खलल डालने का एक असफल प्रयास अराजकतत्वों ने शनिवार देर रात किया। हालांकि पुलिस व गणमान्य लोगों की सक्रियता से मामला समय रहते संभल गया। बताया जाता है कि जहांगीरगंज थाना अंतर्गत माधवपुर निवासी रामधारी रविवार सुबह जहांगीरगंज कस्बा स्थित दुर्गा मूर्ति बनाने वाले स्थान पर पहुंचा, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गया। बाहरी पर्दा फटा हुआ था। कुछ क्षतिग्रस्त छोटी मूर्तियां बाहर पड़ी हुई थीं। किसी अनहोनी की आशंका में जब वह अंदर गया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर रखी कई छोटी-बड़ी मूर्तियां टूटी थीं। रामधारी के अनुसार कुल 16 मूर्तियों को किसी ने रात के समय क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस बीच घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में इर्दगिर्द के लोग मौके पर एकत्र हो गए। टूटी मूर्तियों को देखकर उनमें आक्रोश फैल गया। वे अराजकतत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग करने लगे।
प्रशासन को इसकी जानकारी हुई तो उसके हाथ-पांव भी फूल गए। बिना देरी किए एसडीएम आलापुर भरतलाल सरोज व सीओ आरपी राय कुछ देर में ही जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर व आलापुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों से कई चक्र की वार्ता कर उन्हें मनाने का प्रयास हुआ। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाबुझाकर किसी तरह माहौल शांत कराया। मामले को गंभीर होने से रोकने के लिए स्थानीय गणमान्य लोगों ने भी पुलिस का सहयोग किया। उधर एसओ जहांगीरगंज बीडी तिवारी ने बताया कि रामधारी की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
समय पर मूर्ति देना है बड़ी चुनौती
मूर्तिकार रामधारी ने कहा कि छोटी बड़ी 35 मूर्तियों का आर्डर था। आर्डर के अनुसार सभी मूर्तियों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका था। कुछ के तो डेकोरेशन का भी काम पूरा हो गया था, तो कुछ की पेंटिंग का कार्य अंतिम दौर में था। मूर्तियों को अंतिम रूप देने के लिए उसके अलावा सात लोग काम में सहयोग कर रहे हैं। कहा कि छोटी बड़ी 16 मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इन सभी मूर्तियों को मंगलवार को पूजा पंडालों में स्थापित किया जाना है। ऐसे में समय पर एक बार फिर से क्षतिग्रस्त मूर्तियों को तैयार करना बड़ी चुनौती है। इसके लिए न सिर्फ उसे सहायक बढ़ाने होंगे, बल्कि रात में भी काम करना होगा।
विधायक ने की शांति की अपील
घटना की जानकारी होते ही आलापुर विधायक अनीता कमल ने जहांगीरगंज कस्बा पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से शांति की अपील की और धैर्य बनाए रखने को कहा। विधायक ने मूर्तिकार रामधारी से मुलाकात कर उसे सभी संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने का पुलिस को निर्देश दिया। कहा कि माहौल खराब करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।