अंबेडकरनगर। जनपद पुलिस ने बाइक चोरों के अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करने की सफलता पाई है। कुल पांच बुलेट बाइक बरामद की गई है। जो लखनऊ व कानपुर से भी चोरी की गई थी। दो अभियुक्तों के गिरफ्तारी के साथ ही दो अभियुक्त फरार बताए जाते हैं। जलालपुर व स्वॉट टीम मिलकर पिछले कई दिनों से बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करने की कोशिशों में जुटी थी। बीते दिनों ही महत्वपूर्ण इनपुट जिले को प्राप्त हुआ था। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए खुलासे की कमान संभाली और उसकी गहन समीक्षा शुरू की। इस बीच शनिवार को पुलिस टीम के हाथ एक बड़ी कामयाबी लग गई। नई किस्म की कुल 5 बुलेट बाइक पुलिस ने बरामद कर ली। इनमें से दो बाइक लखनऊ के गोमतीनगर के विभूतीखंड थाना क्षेत्र व एक कानपुर के हरवंश मोहाल थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। एसपी ने बताया कि शुक्रवार रात चिलवनिया के निकट जलालपुर व थाना स्वॉट टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर नगपुर निवासी संजय गुप्त व घसियारी टोला निवासी राजन सोनकर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि जैतपुर निवासी हिमांशु प्रताप व श्रवण सिंह फरार होने में सफल रहे। अभियुक्तों के कब्जे से बाद में कुल 5 बाइक बरामद हुई। दोनों के कब्जे से दो तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ। गिरफ्तार बदमाशों में से एक संजय जलालुपर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।