विषाक्त खाने से युवक-युवती की हालत गंभीर
अंबेडकरनगर। सम्मनपुर में एक युवक और अहिरौली में एक युवती ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से युवक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कुर्कीबाजार निवासी अंकित (25) पुत्र महेंद्र की सोमवार देर शाम अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे पेट में तेज दर्द के साथ ही उल्टियां होने लगीं। परिवारीजनों को अंकित के विषाक्त पदार्थ खाने की जानकारी हुई तो आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने अंकित को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं, अहिरौली में रहने वाली 24 वर्षीय एक युवती की भी सोमवार देर शाम विषाक्त पदार्थ खाने से तबीयत खराब हो गई। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।