दीवार ढहने से अधेड़ घायल, ट्रॉमा रेफर
अंबेडकरनगर। सम्मनपुर क्षेत्र में कच्ची दीवार के ढहने से उसके मलबे में दबकर एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। यह हादसा महाराजगंज में हुआ।
गांव निवासी सालिकराम (55) बुधवार रात घर के बरामदे में सोया था। देर रात अचानक कच्ची दीवार ढह गई। उसके मलबे में सालिकराम दब गया। चीख पुकार पर परिवारीजन व ग्रामीण एकत्र हो गए।
उन्होंने मलबा हटाकर सालिकराम को बाहर निकाला। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया।