सड़क हादसे में पुलिसकर्मी की मौत के बाद मचा कोहराम
राजेसुल्तानपुर। अमेठी जनपद में एक दिन पूर्व हुए हादसे में सिपाही हीरालाल कन्नौजिया की मौत के बाद मंगलवार को पार्थिव शरीर पैतृक गांव उमरी भवानीपुर पहुंचने पर गांव में कोहराम मच गया। बड़ी तादाद में जनप्रतिनिधि शोक संवेदना प्रकट करने गांव पहुंचे। बाद में पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार गोवर्धनपुर घाट पर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार अमेठी जनपद के कमरौली थाने में हेडकांस्टेबल प्रोन्नत वेतनमान के पद पर तैनात हीरालाल कन्नौजअआया 58 बाइक से कोई फोटो कॉपी कराने जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में ट्रॉमा सेंटर ले नजाए जाते समय उनकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार अपराहन बाद पैतृक गांव उमरी भवानीपुर पहुंचा, तो वहां कोहराम मच गया। बताते चलें कि हीरालाल के छोटे भाई चंद्रशेखर कन्नौजिया का बीते दिनों हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया था। समाजवादी पार्टी से उस समय वे आलापुर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार थे। निधन के बाद उनकी पत्नी को पार्टी ने टिकट दिया था।
तीन भाइयों में चंद्रशेखर के बाद अब हीरालाल की मौत से परिवार जबरदस्त सदमे में है। देर शाम पार्थिव शरीर का पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पहले एमएलसी हीरालाल यादव, सपा नेता अजीत यादव, प्रद्युम्र यादव, रामअचल यादव, विद्यासिंह भारती, प्रेमनरायन यादव, धनराज यादव, अश्विनी यादव व बलिराम आदि ने गांव पहुंचकर परिवारीजनों को ढांढ़स बंधाया।