अंंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना पुलिस द्वारा कोर्ट के आदेश का पालन न करने का गंभीर मामला सामने आया है। कई आदेशों का पालन न करने से नाराज कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। थाना प्रभारी को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सुधार न होने पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
थानों में चल रही मनमानी का एक नया मामला सामने आया है। कभी रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही पकड़ में आती है तो अक्सर केस दर्ज करने में आनाकानी सामने आती रहती है। अधिकारियों के हस्तक्षेप पर केस दर्ज होता है लेकिन जिम्मेदार थाना प्रभारियों पर कार्रवाई न होने से स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा। ताजा मामला जहांगीरगंज पुलिस की मनमानी का है। सिविल जज जूनियर डिवीजन/न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में सद्दाम उर्फ तनवीर ने एक मामले में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थनापत्र दिया। कोर्ट ने 18 नवंबर को पत्र के जरिये जहांगीरगंज पुलिस को 25 नवंबर को आख्या देने का आदेश दिया। इसके बाद भी 19 दिसंबर तक कोर्ट को आख्या देने की जरूरत नहीं महसूस हुई। न्यायालय कर्मियों ने पैरोकार आदि के जरिये भी आख्या मंगाने के लिए मौखिक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस की इस मनमानी पर सिविल जज मेघा चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जहांगीरगंज थाना प्रभारी को नोटिस जारी किया है। इसमें बृहस्पतिवार को लिखा कि आप द्वारा अभी तक आख्या प्रस्तुत नहीं की गई। इसी प्रकार अन्य प्रार्थनापत्रों व अन्य पत्रावलियों में समय से आख्या प्रस्तुत नहीं की जा रही है।
सिविल जज ने पत्र में लिखा कि यह न्यायालय के आदेश की प्रत्यक्ष रूप से अवहेलना है। इस कृत्य को न्यायालय के अवमानना की श्रेणी में बताते हुए कहा कि इससे न्यायिक कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। थाना प्रभारी को अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि जल्द आख्या प्रस्तुत की जाए। अन्य पत्रावलियों में भी समय का ध्यान रखा जाए, जिससे न्यायिक कार्य सुचारु रूप से हो सके। ऐसा न होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।