अंबेडकरनगर। अहिरौली क्षेत्र के पियारेपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद पूरा परिवार उजड़ गया। शुक्रवार को हुए हादसे में पति, पत्नी और 10 वर्षीय बेटे की मौत के बाद शनिवार देर रात पोस्टमार्टम के उपरांत तीनों शव अयोध्या के गौवहनिया गांव पहुंचाए गए, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अहिरौली के गोसाईगंज क्षेत्र के गौवहनिया निवासी सुरेंद्र कुमार (36) अपनी पत्नी सरिता (34) और पुत्र सत्यम (10) के साथ बाइक से अंबेडकरनगर आते समय पियारेपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े डीसीएम से टकरा गए थे। हादसे में तीनों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने शुक्रवार रात तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। शनिवार को अयोध्या के गौवहनिया गांव में एक साथ तीन शव पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा और पूरे गांव की आंखें नम हो गईं।
उधर, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है लेकिन चालक अब तक गिरफ्त में नहीं आया है। मामले में अभी तक मृतकों के परिजनों की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है जिसके कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है और उसके सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने अथवा आवश्यक तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।