पांच विधानसभा सीटों के लिए 11 मार्च को अकबरपुर नगर स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में मतगणना होगी। इसके लिए सभी तैयारियां शुक्रवार को पूर्ण कर ली गईं। न सिर्फ कक्षों में विधानसभा क्षेत्रवार टेबल लगा दी गईं बल्कि कक्ष के अंदर से लेकर बाहर तक सीसीटीवी कैमरे भी लगा दिए गए।
डीएम व एसपी ने शुक्रवार को मतगणना स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। मतगणना से जुड़ी तैयारियों का रिहर्सल भी हुआ। गौरतलब है कि जिले की चार विधानसभा सीटों अकबरपुर, जलालपुर, टांडा व कटेहरी में 27 फरवरी जबकि आलापुर सीट के लिए 9 मार्च को मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई थी।
शनिवार को इन सभी सीट के लिए अकबरपुर नगर स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में मतगणना होगी। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां प्रशासन ने शुक्रवार को ही पूर्ण कर लीं। मतगणना सुबह आठ बजे से प्रारंभ होगी। अकबरपुर, आलापुर व टांडा विधानसभा सीट के लिए 14-14 जबकि कटेहरी व जलालपुर सीट के लिए 20-20 टेबल लगाई जाएंगी।
मतगणना प्रक्रिया सकुशल निपटाने के लिए कुल 300 कर्मचारी लगाए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर एक-एक माइक्रो ऑब्जर्वर के अलावा तीन-तीन कर्मचारी लगाए गए हैं। उधर शुक्रवार को डीएम वैभव श्रीवास्तव व एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने मतगणना स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि मतगणना प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मतगणना से जुड़ी तैयारियों का आवश्यक रिहर्सल भी हुआ।
डीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्र ने बताया कि मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां एक दिन पहले ही पूर्ण कर ली गईं। न सिर्फ विधानसभा क्षेत्रवार टेबल लगा दी गईं हैं बल्कि कक्ष से लेकर बाहर तक सीसीटीवी कैमरे भी लगा दिए गए।