अंबेडकरनगर। परिषदीय विद्यालयों में बुधवार को कक्षा दो से आठ तक के छात्रों की लिखित परीक्षा कराई गई। जिले के कुल 1583 परिषदीय विद्यालयों में तीसरे दिन की परीक्षा में कुल 1,24,078 छात्र-छात्रओं में 1,15,978 शामिल हुए। वहीं 8298 ने परीक्षा छोड़ दी।
शिक्षा क्षेत्र अकबरपुर के प्राथमिक विद्यालय मुरादाबाद व अन्य सभी विद्यालयों में परीक्षा कराई गईं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक कक्षा तीन से पांच तक नैतिक शिक्षा व छह से आठ तक विज्ञान विषय और दूसरी पाली में दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक छह से आठ तक पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा हुई। बीएसए शैलेश कुमार पटेल ने बताया कि परीक्षा समाप्त हो गई हैं। मूल्यांकन कार्य शुचितापूर्ण तरीके से कराते हुए 30 मार्च को परीक्षाफल घोषित किया जाएगा।
इनसेट-
विद्यालयों में पहुंचने लगीं किताबें
परिषदीय विद्यालयों में नया सत्र 2026-27 एक अप्रैल से शुरू हो रहा है। इससे पहले विद्यालयों में विद्यालयों में किताबें पहुंचाने का सिलसिला शुरू हो गया है। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी पूरी की जा रही हैं। किताबों की आपूर्ति ब्लॉक स्तर पर हो गई है। इसके अलावा कुछ विद्यालयों में भेजी गई हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा कि स्कूल चलो अभियान (एक अप्रैल) से पहले किताबें विद्यालयों में उपलब्ध हों। इसके तहत बच्चों का नामांकन कराएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी छात्र ड्राप आउट न हो।