घोषणा के बाद भी धनाभाव के चलते किसान क्रेडिट कार्ड से 25 हजार रुपए की निकासी जिले में शुरू नहीं हो पायी। बैंकों में पहुंचे किसानों को इससे करारा झटका लगा। किसानों का कहना था कि जब सरकार के पास पर्याप्त करेंसी उपलब्ध कराने का प्रबंध ही नहीं है तो ऐसी घोषणाओं का मतलब ही क्या रह जाता है।
गौरतलब है कि रबी फसलों की जोताई व बोवाई में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए ही बीते दिनों आरबीआई व सरकार ने घोषणा की थी कि अब किसान क्रेडिट कार्ड से एक सप्ताह में अधिकतम 25 हजार रुपए की निकासी की जा सकेगी। इसमें कोई किसान एक दिन में ही 25 हजार रुपए निकाल सकता है या फिर दो-तीन चरणों में धन-निकासी कर सकता है।
सरकार की इस घोषणा का आमतौर पर स्वागत हुआ तो वहीं यह चिंता भी जतायी गई कि ज्यादातर किसानों के पास केसीसी नहीं है, ऐसे में उनके लिए खाद व बीज का प्रबंध कैसे होगा। इस बीच केसीसी से 25 हजार रुपए निकालने की उम्मीद लेकर पहुंचे किसानों को शुक्रवार को तगड़ा झटका लगा।