अंबेडकरनगर। जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप थम नहीं रहा है। रविवार को भी संक्रमण के दो नए मामले सामने आए। जिले में अब तक 1846 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि, मात्र 52 मरीजों का ही इलाज मौजूदा समय में अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। उधर, रविवार को अवकाश के बावजूद जिला अस्पताल में 38 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि 1756 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घर जा चुके हैं। कोरोना संक्रमण से जिले में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ ने लोगों से आह्वान किया कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए एहतियात अत्यंत जरूरी है। लगातार गिरते तापमान के बीच कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में गाइड लाइन का पालन किया जाए। उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि रविवार को 38 लोग कोरोना जांच के लिए पहुंचे। डॉ. मनोज शुक्ला व डॉ. प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने इनका नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा गया। न सिर्फ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया बल्कि लोगों को सैनिटाइज भी किया गया।