अंबेडकरनगर। कोरोना की चपेट में आए दो लोगों की शुक्रवार को मौत हो गई। ऐसे में जिले में कोरोना से मृतकों की संख्या 20 हो गई। साथ ही 22 नये पॉजिटिव मरीज भी सामने आए। इसमें राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अकबरपुर के रजिस्ट्रार समेत तीन अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं। कॉलेज को सैनिटाइज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बीच जिले में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 774 हो गई। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 228 है।
कोरोना संक्रमित दो और मरीज अपनी जिंदगी की जंग हार गए। जिले में अब कोरोना से मृतकों की संख्या 20 हो गई है। एक मरीज की मौत राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में हुई। उसे बीते दिनों ही उपचार के लिए यहां जभर्ती कराया गया था। एक अन्य मरीज की मौत लखनऊ में उपचार के दौरान हुई। कोरोना संक्रमण के बाद उसे लखनऊ में भर्ती कराया गया था। इस बीच जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है।
शुक्रवार को कांशीराम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अकबरपुर के रजिस्ट्रार डॉ. देवेंद्र कुमार मिश्र भी कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही वर्कशॉप कर्मी इंद्रकेश शुक्ल, प्लंबर बृजेश मौर्य, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अजय कुमार यादव में भी कोरोना संक्रमण पाया गया। रजिस्ट्रार समेत चार कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की खबर मिलते ही इंजीनियरिंग कॉलेज को पूरी तरह सैनिटाइज कराया गया।
इस बीच सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में शुक्रवार को कुल 22 नये मरीज सामने आए। कोरोना से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या अब 774 हो चुुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या 228 है। अब तक 526 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि नागरिकों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।