अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए जिला अस्पताल में बुधवार को 90 नागरिक पहुंचे। यहां चिकित्सकों की टीम ने नागरिकों की थर्मल स्क्रीनिंग कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया। थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान कोई भी नागरिक संदिग्ध नहीं मिला।
जिला अस्पताल में लगातार थर्मल स्क्रीनिंग का कार्य चल रहा है। प्रतिदिन यहां जांच के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं। विभिन्न शहरों से श्रमिकों का आवागमन लगभग बंद होने के बाद से चिकित्सकों को थोड़ी राहत जरूर मिली है। बुधवार को जिला अस्पताल में 90 महिलाओं व पुरुषों ने अपनी थर्मल स्क्रीनिंग करायी। चिकित्सक डॉ सुधीर कुमार ने स्टाफनर्स सविता व वार्डब्वाय अरविंद कुमार के साथ थर्मल स्क्रीनिंग की।
चिकित्सक ने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचने वाले सभी नागरिकों की जांच की गई। इसमें एक भी व्यक्ति संदिग्ध नहीं मिला। कहा कि जिला अस्पताल आने वाले नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया जाता है। उन्हें साफ सफाई व मॉस्क लगाने की सलाह दी जाती है। सभी नागरिकों को कोरोना से बचने के लिए इसका पालन करना चाहिए।