अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फार्मासिस्ट विनय तिवारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं उनकी पत्नी व दो बच्चे भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा अस्पताल के एमसीएच विंग में तैनात स्टॉफ नर्स भी कोरोना पीड़ित पाईं गईं हैं। इसी के साथ जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 97 पहुंच गई है।
पिछले दिनों जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. संतप्रकाश गौतम की कोरोना से मौत के बाद से जिले में हड़कंप की स्थिति है। तीन अन्य स्वास्थ्य कर्मी पहले से ही कोरोना संक्रमित हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इस बीच तबियत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के वरिष्ठ फार्मासिस्ट विनय तिवारी को लखनऊ एसजीपीजीआई भेजा गया था। बुधवार देर रात आई रिपोर्ट में उनके कोरोना पॉजटिव होने की पुष्टि हो गई।
उनकी पत्नी के अलावा पुत्र व पुत्री को लखनऊ में भर्ती कराया गया। अंबेडकरनगर से ही इन तीनों का भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट आते ही हड़कंप मच गया। फार्मासिस्ट की पत्नी व दो बच्चे भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनका इलाज चल रहा है।
निकटवर्ती लोगों के अनुसार विनय की हालत में सुधार हो रहा है। वरिष्ठ फार्मासिस्ट के कोरोना पीड़ित होने के साथ ही जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 93 हो गई है।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने कहा है कि सभी स्वास्थ्य कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। उन्हें और सजग होकर काम करने को कहा गया है। सीएमओ ने फार्मासिस्ट विनय व उनकी पत्नी व दो बच्चों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की है।