अंबेडकरनगर। जिले के 4896 रसोइया मजदूरों के लिए खुशखबरी है। लंबे समय से लंबित तीन माह के मानदेय का भुगतान हो गया। विभाग ने बीते दिनों ट्रेजरी के माध्यम से ढाई करोड़ की राशि रसोइया मजदूरों के खाते में भेज दी। इससे पर्व को लेकर रसोइयों की खुशी दोगुनी हो गई।
लंबे समय से रसोइया मजदूर मानदेय भुगतान को लेकर ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय पर आवाज उठा रहे थे। अप्रैल माह से इन्हें मानदेय नहीं मिल सका था। इससे इनके सामने परिवार चलाने की समस्या उत्पन्न हो गई थी। बीते दिनों शिक्षा निदेशालय ने जिले के रसोइयों के भुगतान के लिए विभाग को दो किस्त में दो करोड़ 44 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। विभाग ने भी ट्रेजरी के माध्यम से सभी रसोइयाें के खाते में अप्रैल, जुलाई और अगस्त की राशि भेज दी है।
खुशी का किया इजहार
उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर के रसोइया मजदूर त्रिलोकी ने कहा कि भुगतान मिलने से उन लोगों को काफी राहत मिली है। सरकार को चाहिए की हमारा मानदेय हर माह समय पर कर दे, जिससे परेशानी न उठानी पड़े। प्राथमिक विद्यालय सुरवारपुर के रसोइया सियाराम ने कहा कि आगामी पर्व को लेकर हम सब बहुत परेशान थे, लेकिन अब भुगतान हो गया है तो हम लोग भी पर्व खुशी से मनाएंगे।
सभी के खाते में भेजी गई राशि
शासन से जो राशि मिली थी, उसे 2049 विद्यालयों में काम करने वाले रसोइया मजदूरों के खाते में भेज दिया गया है। आगे के भुगतान के लिए पत्र निदेशालय को भेजा गया है। - सत्य प्रकाश मौर्य, एमडीएम प्रभारी