पंडित राम लखन शुक्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को आयोजित नाटक के दौरान अभिनय
आलापुर। पंडित राम लखन शुक्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता और संगोष्ठी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अभिनय और संवाद के माध्यम से नशे की शुरुआत से लेकर उसके स्वास्थ्य, पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को अलग-अलग प्रसंगों के जरिये प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटकों में नशे के कारण होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ आर्थिक नुकसान और परिवार पर पड़ने वाले प्रभावों को भी प्रभावी ढंग से सामने रखा गया। प्रतियोगिता में आनंद ग्रुप ने प्रथम और अंजू ग्रुप ने द्वितीय स्थान हासिल किया। निर्णायक डॉ. रीता सिंह और डॉ. लालजीत राम ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, विषय की समझ और संदेश की प्रभावशीलता के आधार पर मूल्यांकन किया।
प्राचार्य डॉ. जेबी सिंह ने कहा कि युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। नशे से दूर रहकर वे अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ समाज के विकास में भी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. कौशल किशोर यादव ने कहा कि नशामुक्त युवा सशक्त समाज और विकसित भारत की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी आदत से होती है, जो धीरे-धीरे गंभीर समस्या का रूप ले सकती है।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर प्रयास करना जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।