जलालपुर। कटका थाना क्षेत्र के अमोला बुजुर्ग गांव में बुधवार रात ई रिक्शा की टक्कर से परिवहन विभाग के संविदा चालक देवेंद्र कुमार मिश्रा (48) की मौत हो गई। वह पत्नी के साथ घर के पास सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित ई रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें सीएचसी नगपुर ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देवेंद्र की पत्नी पूनम मिश्रा के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे वह पति के साथ घर के पास टहल रही थीं। तभी ई रिक्शा चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और उनके पति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सीओ जलालपुर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन पहले ही लौटे थे घर
देवेंद्र कुमार मिश्रा तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर लौटे थे। परिवार के साथ कुछ दिन बिताने के बाद उन्हें दोबारा ड्यूटी पर जाना था, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। देवेंद्र परिवहन विभाग में संविदा चालक थे और करीब सात वर्षों से आजमगढ़-दिल्ली मार्ग पर बस चला रहे थे। तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर रहे देवेंद्र के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पत्नी पूनम और दो बेटे राज (20) व निलेश (15) हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बेटे सदमे में हैं। जिस घर में उनके लौटने से खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिवार को क्या पता था कि छुट्टी पर घर आए देवेंद्र अब कभी ड्यूटी पर लौटकर नहीं आएंगे।
अस्पताल से छुट्टी लेकर शादी में जा रहे चार लोग घायल
सद्दरपुर। अलीगंज क्षेत्र में अकबरपुर-टांडा मार्ग पर हरिनगर बाजार के पास बुधवार रात करीब 11 बजे कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। उपचार के बाद बृहस्पतिवार को सभी को छुट्टी दे दी गई। टांडा क्षेत्र के फुलवरिया निवासी पवन पटेल एक सप्ताह पहले सड़क हादसे में घायल हो गए थे।
लखनऊ में उनके पैर का ऑपरेशन हुआ था। बृहस्पतिवार को उनके चचेरे भाई की शादी थी। इसी में शामिल होने के लिए बुधवार को उनके भाई पंकज और रामपुर निवासी गंगाराम व अनूप अस्पताल से छुट्टी दिलाकर उन्हें घर ले जा रहे थे। हरिनगर बाजार के पास सामने से आ रहे डंपर से कार टकरा गई। हादसे में पवन के सिर में चोट आई, जबकि अन्य तीन लोगों को सामान्य चोटें लगीं। थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि अभी तक कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। (संवाद)
अलीगंज क्षेत्र में अकबरपुर-टांडा मार्ग पर हरिनगर बाजार के पास बुधवार रात करीब 11 बजे हादसे के ब