अंबेडकरनगर। बकाया मानदेय न मिलने से नाराज उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने मंगलवार को दो घंटे कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया। इस दौरान वैक्सीनेशन समेत कई अन्य कार्य बाधित रहे। हालात यह रहे कि संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते वैक्सीनेशन के लिए आए नागरिकों को करीब दो घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। हालांकि आपातकालीन व लेबर रूम की सेवा जारी रही। संविदा कर्मियों का कहना है कि तमाम कोशिशों के बावजूद उनका बकाया मानदेय नहीं मिल पा रहा है।
मानदेय न मिलने से नाराज जिला अस्पताल में तैनात राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारियों का धैर्य आखिरकार मंगलवार को जवाब दे गया। संविदा कर्मियों ने जिलाध्यक्ष वंशमणि पांडेय के नेतृत्व में दो घंटे कार्य बहिष्कार कर अविलंब बकाया मानदेय का भुगतान करने की मांग की। वहीं, कार्य बहिष्कार के चलते वैक्सीनेशन समेत कई अन्य कार्य बाधित रहे। हालात यह रहे कि वैक्सीनेशन के लिए आए नागरिकों को घंटों लाइन में खड़े रहने को विवश होना पड़ा। इसके साथ ही अन्य मरीजों व तीमारदारों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि आपातकालीन व लेबर रूम की सेवा कार्य बहिष्कार से मुक्त रखी गई। वहीं असुविधा पर टीकाकरण के लिए पहुंचे लोगों ने नाराजगी जताई।
संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष वंशमणि पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारियों का मानदेय देरी से आता है। इसके लिए जब विभागीय अधिकारियों से वार्ता की जाती है तो अलग-अलग समस्या बताकर जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ लिया जाता है। कहा कि संविदा कर्मचारियों की समस्याओं से किसी को कोई सरोकार नहीं है। दो माह का मानदेय न मिलने से कर्मचारियों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है, लेकिन उनकी समस्या को कोई महसूस करने वाला नहीं है। ऐसे में उन्हें बाध्य होकर कार्य बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा। जिलाध्यक्ष ने अविलंब बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग की। इस मौके पर प्रीतम विक्रम, आमिर अब्बास, संध्या सिंह, विवेक तिवारी व मनीष वर्मा आदि मौजूद रहे।