अंबेडकरनगर। मौजूदा समय में बदहाल विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ने आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अघोषित बार-बार की कटौती व लो वोल्टेज की समस्या भीषण गर्मी में दर्द और बढ़ा रही है। उपभोक्ताओं की तमाम शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग व्यवस्था में सुधार कर पाने में विफल है। सबसे ज्यादा परेशान इन दिनों अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले करीब एक पखवाड़े से हो रही अघोषित कटौती ने उपभोक्ताओं को त्रस्त कर दिया है। शाम को उपभोक्ताओं को आपूर्ति की सबसे ज्यादा जरूरत होती है तो इस समय विभाग कटौती भी खूब करता है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश का माहौल है।
अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र से करीब 40 हजार की आबादी को विद्युत आपूर्ति होती है। इस उपकेंद्र पर वीआईपी फीडर के अलावा पटेलनगर, कुर्कीबाजार, साउथ बेस्ट, स्पेयर, टाउन सहित कुल 9 फीडर हैं। पिछले करीब एक पखवाड़े से लगभग सभी फीडरों पर अघोषित कटौती की जा रही है। इससे उपभोक्ता परेेशान हैं। सबसे ज्यादा मुश्किल इन दिनों साउथ बेस्ट फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को हो रही है। इस फीडर के जरिए सबसे लंबी दूरी तक आपूर्ति भी जाती है। इससे पर उपभोक्ताओं की संख्या भी अधिक है। अघोषित विद्युत कटौती से आम उपभोक्ता के साथ ही किसान भी परेशान हैं।
मनमानी का आलम यह है कि जिस समय उपभोक्ताओं को आपूर्ति की ज्यादा जरूरत होती है, उस समय ज्यादा कटौती की जा रही है। शाम होने के साथ ही आपूर्ति तो बहाल होती है, लेकिन रात 11 बजे तक प्रतिदिन 5 से 7 बार की कटौती होती है। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत होती है। मरथुआ सरैया के उपभोक्ता ओमप्रकाश तिवारी, नरेंद्र सिंह व मलखान सिंह आदि का कहना है कि आम उपभोक्ताओं के लिए शाम 7 बजे से 11 बजे तक विद्युत आपूर्ति की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है। पिछले कुछ दिनों से इस समय कई बार कटौती हो रही है। इससे भोजन बनाने से लेकर खाने तक में मुश्किल हो रही है। इसके अलावा दिन में भी बार-बार की कटौती ने किसानों को मुश्किल में डाल दिया है।
उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी
टाउन फीडर से जुड़े उपभोक्ता भी मौजूदा बिजली आपूर्ति से परेशान हैं। नाराजगी जताते हुए उपभोक्ताओं ने कहा कि वोल्टेज इतना लो रहता है कि पंखे, कूलर आदि सुचारु रूप से चलने की बात तो दूर लाइट भी पर्याप्त रोशनी नहंी दे पाती है। इसे लेकर कई बार बरधा भिउरा, कटरिया, कोड़रा, बदलपुर, सोनगांव, चनवा व सिझौली आदि गांव के नागरिकों ने वोल्टेज को ठीक कराने व बार-बार की अघोषित कटौती से निजात दिलाए जाने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि लो वोल्टेज व अघोषित कटौती से न सिर्फ आम उपभोक्ता परेशान हैं, बल्कि इन दिनों धान की रोपाई में जुटे किसानों को सबसे ज्यादा मुश्किल हो रही है। सुचारु आपूर्ति न मिलने से बीघा भर खेत को भरने में कई कई घंटे लग रहे हैं। इससे काफी दिक्कत हो रही है। पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही पर उपभोक्ताओें ने नाराजगी जताई है।
लोड बढ़ने से हो रही समस्या
मौजूदा समय में कुछ फीडरों पर लोड बढ़ गया है। इससे समस्या हो रही है। लाइन लॉस रोकने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उपभोक्ताओं को सुचारु आपूर्ति देने के लिए हरसंभव प्रयास जारी है।
- वीके पटेल, अधिशाषी अभियंता विद्युत