भीटी तहसील में बृहस्पतिवार को शुरू किया गया अधिवक्ता शेड का निर्माण कार्य।
भीटी। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए स्वीकृत दो शेडों का निर्माण बृहस्पतिवार को आखिरकार शुरू करा दिया गया। करीब डेढ़ महीने पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद काम नहीं शुरू होने को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही थी। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में भीटी तहसील में अधिवक्ता शेड का निर्माण रुका शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
बृहस्पतिवार को आरईएस के जेई अरविंद शर्मा स्वयं तहसील भीटी पहुंचे और परिसर में भूमि का चिह्नांकन करवाकर निर्माण कार्य की शुरुआत करा दी। उन्होंने बताया कि अब कार्य में कोई विलंब नहीं होगा और शेड का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। यह शेड क्षेत्रीय विधायक धर्मराज निषाद की विधायक निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे हैं।
इनका उद्देश्य अधिवक्ताओं को बैठने और कार्यालय कार्य के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराना है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष जताया है। अध्यक्ष श्यामभवन पांडेय व अन्य अधिवक्ताओं का कहना है कि शेड बन जाने से तहसील परिसर में कामकाज सुचारू हो जाएगा और अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधा मिलेगी।