फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: एचटी लाइन की चपेट में आकर सिपाही की मौत

विज्ञापन
दीपक कुमार गुप्ता (फोटो)
विज्ञापन
केदारनगर। कुशीनगर के हनुमानगंज थाना परिसर में शनिवार सुबह सिपाही दीपक कुमार गुप्ता (24) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह सरकारी आवास की छत पर कपड़े उतार रहे थे, तभी पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। दीपक ने दीपावली के बाद मां से मिलने घर आने का वादा किया था, लेकिन शनिवार दोपहर उनकी मौत की खबर पहुंच गई।
विज्ञापन

अंबेडकरनगर जिले के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के करमपुर बरसावा गांव निवासी दीपक कुमार गुप्ता वर्ष 2025 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी पहली तैनाती कुशीनगर में हुई थी। वह हनुमानगंज थाने के सरकारी आवास में रहते थे। चचेरे भाई लालू गुप्ता के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दीपक आवास की छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गए थे। इसी दौरान वह बगल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े।
शोर सुनकर परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। दीपक को अचेत अवस्था में देखकर उन्हें तत्काल थाने के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सीओ टांडा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि सिपाही की मौत की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
विज्ञापन

मां ने बताया था, पैर टूट गया है
शुक्रवार सुबह ही दीपक की मां गुलाबा देवी से फोन पर बात हुई थी। मां ने बताया था कि गांव में फिसलने से उनका पैर टूट गया है। इसके बाद दीपक ने रिश्तेदारों की मदद से उन्हें अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। मां से बातचीत के दौरान उन्होंने दीपावली के बाद छुट्टी लेकर घर आने का भरोसा दिया था। शनिवार को घर पहुंचने से पहले ही उनकी मौत की खबर आ गई।
तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
दीपक के पिता राममूरत गुप्ता भारतीय सेना में तैनात थे। करीब दस वर्ष पहले बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। परिवार में दीपक की तीन विवाहित बहनें दीपू, नीलू और नीपू हैं। दीपू का विवाह कटेहरी निवासी बृजेश गुप्ता, नीलू का इल्तिफातगंज निवासी तारकेश्वर गुप्ता और नीपू का मालीपुर के रुदौली निवासी मोहित से हुआ है। भाई की मौत की खबर सुनकर तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे अपने चचेरे भाई रज्जू प्रसाद गुप्ता के साथ कुशीनगर के लिए रवाना हो गई हैं।
मां से छिपाई बेटे की मौत की खबर
दीपक की मां गुलाबा देवी का अकबरपुर के निजी अस्पताल में पैर टूटने के कारण इलाज चल रहा है। परिजनों ने उनकी हालत को देखते हुए अभी तक उन्हें बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी है। परिवार के सामने अब मां को यह दुखद खबर बताने की चुनौती है। उधर, जवान बेटे की असमय मौत से करमपुर बरसावा गांव में शोक का माहौल है।

दीपक कुमार गुप्ता (फोटो)

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें