युवा जब तक इसके प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक योग्य लोग सदन तक नहीं पहुंच सकेंगे। यह बातें रविवार को संत द्वारिका प्रसाद महाविद्यालय कोटवा महमदपुर में एनएसएस शिविर के शिविरार्थियों द्वारा निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाते हुए महाविद्यालय प्रबंधक डॉ. हरीश वर्मा ने कही।
रविवार सुबह निकली मतदाता जागरुकता रैली के दौरान छात्र छात्राओं ने लोगों से आह्वान किया कि वे मतदान में अपना शत-प्रतिशत योगदान दें। न सिर्फ वे स्वयं मतदान जैसा पुण्य कार्य करें, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। युवाओं के सहयोग से ही समाज व देश का विकास संभव है।
यह युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे शत-प्रतिशत मतदान कर योग्य लोगों को सदन में भेजें, जिससे देश व समाज का विकास हो सके। इसके अलावा लोगों को साफ सफाई के प्रति भी जागरूक किया। कहा कि घर के अंदर व आसपास के क्षेत्रों में साफ सफाई रखने से एक स्वच्छ व स्वस्थ समाज की स्थापना होती है।
गंदगी से न सिर्फ तमाम प्रकार की बीमारियां होती हैं, बल्कि पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। आह्वान किया गया कि खुले में शौच करने की बजाए घर में बने शौचालय में शौच करें। कार्यक्रमाधिकारी डॉ. मनोज व डॉ. रमेशचंद्र तिवारी के नेतृत्व में निकली जागरूकता रैली कोटवा किरौनी व गौसपुर गांव का भ्रमण करते हुए वापस महाविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।