अंबेडकरनगर। मंदिर निर्माण के लिए खरीदी गयी जमीन में हुए घोटाले के मामले को लेकर कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट के निकट धरना प्रदर्शन किया। इसमें चंदा व भूमि खरीद में घोटाले का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गयी। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी तहसीलदार अकबरपुर को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों के आराध्य हैं। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय पर हो रहा है। राष्ट्पति को उच्चतम न्यायालय की निगरानी में श्रीराम मंदिर चंदा व भूमि खरीद घोटाले की जांच करवाकर भगवान श्रीराम मंदिर के नाम पर धांधली करने वाले गुनहगारों को सख्त सजा दिलानी चाहिए। जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी डॉ. विजयशंकर तिवारी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के आहवान पर यह प्रदर्शन किया जा रहा है।