अकबरपुर कोतवाली में फरियादियों की समस्याएं सुनते अधिकारी। संवाद
अंबेडकरनगर। जिले में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस पर अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अकबरपुर में डीएम ईशा प्रिया और एसपी प्राची सिंह ने शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। हालांकि, लेखपालों की हड़ताल के चलते राजस्व संबंधी मामलों में फरियादियों को राहत नहीं मिल सकी।
जलालपुर में क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह ने समस्याएं सुनीं। यहां पुलिस से जुड़े दो मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। राजस्व संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
मालीपुर के ताराखुर्द निवासी बलवीर ने शिकायत की कि विपक्षी राजबली ने गोबर और बांस-बल्ली रखकर उनका रास्ता बंद कर दिया है। आरोप है कि चार दिन पहले पुलिस को तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, अलमापुर निवासी प्रदीप आपसी बंटवारे की शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन राजस्व कर्मियों के मौजूद नहीं होने से उन्हें लौटना पड़ा। राजस्व मामलों का निस्तारण नहीं होने से फरियादियों को निराशा हाथ लगी।