यादवनगर तिराहे से वाहनों को डायवर्ट करता पुलिसकर्मी।
अंबेडकरनगर। सावन के तीसरे सोमवार और अयोध्या में झूलन महोत्सव शुरू होने से जिले में किए गए डायवर्जन से राहगीर परेशान हुए। एक घंटे का सफर लोगों ने तीन घंटे में पूरा किया। वहीं, डायवर्जन का पालन करवाने के लिए पुलिसकमी चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहे। साथ ही ड्रोन से निगरानी की गई।
सोमवार को अयोध्या से जल लेकर आ रहे कांवड़ के जत्थों का जोरशोर से स्वागत किया गया। हर तरफ भोलेनाथ के जयकारे लग रहे थे। शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए इसके लिए शहर के अंदर और सीमवर्ती टांडा-बांदा के न्योतरिया हाईवे, यादवनगर चौराहा, सेवागंज, न्योरी चौराहा, बसखारी चौराहा, चनवा चौराहा और समहरिया पर बैरियर पर वायरलेस से लैस पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा की कमान संभाल रखी थी। यहां से आगे हल्के वाहनों को भी नहीं जाने दिया जा रहा था।
यादवनगर तिराहे पर आजमगढ़ और वाराणसी जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया। बसखारी की तरफ से आने वाले वाहनों को अकबरपुर के न्योतरिया से टांडा-बांदा हाईवे के रास्ते भेजा गया। रोडवेज बस से उतरे शास्त्रीनगर मोहल्ला निवासी सुजीत कुमार ने बताया कि अयोध्या से अकबरपुर आने में तीन घंटे का समय लग गया। जगह-जगह कांवड़ियों के चलते जाम लगने के साथ ही डायवर्जन के चलते परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के अलावा एएसपी हरेंद्र कुमार और श्याम देव समीवर्ती क्षेत्र में डटे रहे। शिवबाबा पर ड्रोन से निगरानी की गई। एसपी पल-पल की खबर अधिकारियों से लेते रहे।