जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को मंडलायुक्त एसपी मिश्र की अध्यक्षता में जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होेंने निर्माण कार्य धीमा होने पर कार्यदायी संस्था पैक्सफेड के अधिकारियों को फटकार लगाई और समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
एमडीएम योजना का समुचित लाभ छात्र-छात्राओं को दिलाने के लिए सीडीओ को टीम गठित कर रोजाना विद्यालयों का औचक निरीक्षण किए जाने का निर्देश दिया। मनरेगा मजदूर व पेंशनधारकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कैंप लगाकर उनका आधार कार्ड बनवाने को कहा।
बाद में मंडलायुक्त ने अहिरौली थाना अंतर्गत लोहिया गांव बीबीपुर रंडौली गांव का निरीक्षण भी किया। वहां ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मंगलवार सुबह जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए मंडलायुक्त एक दिवसीय दौरे पर जनपद पहुंचे। जिला पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक की।
निर्माण इकाई पैक्सफेड द्वारा कराए जा रहे कार्यों की धीमी गति होने पर नाराजगी जताई। संस्था के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि न निर्धारित समय पर निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए। निर्माण में गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
एमडीएम योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रीष्मावकाश के बावजूद शासन ने विद्यालयों अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को एमडीएम योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया है। ऐसे में सुबह 9 से 10 बजे के बीच योजना के तहत छात्र-छात्राओं को भोजन उपलब्ध कराया जाए।
सीडीओ नेहा प्रकाश को निर्देशित करते हुए कहा कि योजना में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मरीजों व उनके तीमारदारों को योजनाओं का समुचित लाभ दिलाया जाए। इस दौरान जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र, सीएमओ डॉ. जीआर चंद्रा, परियोजना निदेशक उमाकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।