रक्तदान से कई जिंदगियां बच सकती है। यह ध्यान में रखकर लोगों को इसके लिए आगे आना चाहिए। कुछ ऐसा ही मानना है, समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रभावशाली लोगों का।
अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान मेें एक अक्तूबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर को लेकर एक तरफ जहां तैयारियां तेज हो गई हैं, वहीं स्वास्थ्य महकमे समेत अन्य वर्ग से जुड़े लोगों ने आम लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया है।
उनका कहना है कि रक्तदान एक ऐसा कदम है, जिससे हम जाने अनजाने कई लोगों की जान बचा सकते हैं। यह भी बताया गया कि कोई भी व्यक्ति जो रक्त दान में देता है, वह रक्त अधिकतम 48 घंटे में शरीर की सामान्य प्रक्रिया से पूरा हो जाता है। ऐसे में लोगों को रक्त दान के लिए बढ़ चढ़कर आगे आना चाहिए। ऐसा करने से तमाम जरूरतमंदों की मुश्किलें आसान की जा सकती हैं।
अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर में भागीदारी को लेकर लोगों की सक्रिय रुचि देखने को मिली है। मंगलवार के अंक में रक्तदान के लिए पंजीकरण कराए जाने की खबर प्रकाशित किए जाने के साथ ही पंजीकरण कराने को लेकर लोगों के फोन आने का भी सिलसिला शुरू हो गया।
अलग अलग क्षेत्र व वर्ग के 14 लोगों ने खुद फोन कर कहा कि वे रक्तदान शिविर में भागीदारी करना चाहते हैं। उन्होंने अपने नाम पते भी नोट कराए। उधर रक्तदान शिविर को कुशलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए फाउंडेशन की तरफ से तैयारियां तेज हो गई हैं।
बुधवार को फाउंडेशन की एक टीम मेडिकल कॉलेज प्रशासन से दूसरे राउंड की चर्चा करेगी और कार्यक्रम को बेहतर ढंग से संपन्न कराने की रूपरेखा तय की जाएगी।