कलेक्ट्रेट में नामांकन के लिए हुई सजावट। -संवाद
अकबरपुर टांडा मार्ग पर दो स्थानों पर लगाए गए बैरियर
संवाद न्यूज एजेंसीअंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 29 अप्रैल से होने वाले नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अकबरपुर टांडा मार्ग स्थित कलेक्ट्रेट गेट से लेकर मुख्य भवन तक पंडाल लगा दिए गए। इसके साथ दो स्थानों पर बैरियर भी लगा दिए गए है।
अंबेडकरनगर लोकसभा सीट के लिए 29 अप्रैल से नामांकन कलेक्ट्रेट में होगा। छह मई तक होने वाले नामांकन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए टांडा मार्ग स्थित कलेक्ट्रेट गेट से लेकर मुख्य भवन तक पंडाल लगाए गए हैं।
इसके साथ ही अकबरपुर टांडा मार्ग पर पटेलनगर तिराहा से आगे स्थित एक पेट्रोलपंप व एसपी आवास के निकट बैरियर लगा दिए गए हैं। टांडा की तरफ से नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों को एसपी आवास के निकट तो पुराने तहसील की तरफ से जाने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों को पेट्रोलपंप के निकट लगे बैरियर पर रोक दिया जाएगा। इन बैरियर पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। इसके अलावा कलेक्ट्रेट परिसर में भी चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी।