अंबेडकरनगर। वैक्सीन की उपलब्ध सुनिश्चित होने के साथ ही टीकाकरण अभियान ने फिर तेजी पकड़ना शुरू कर दी है। टीकाकरण में किसी भी प्रकार की बाधा न होने पाए इसके लिए बुधवार की रात कोविडशील्ड की 12500 डोज सीएमओ कार्यालय को और प्राप्त हो गयी। इससे मौजूदा समय में जिले में कोविड टीकाकरण के लिए 25440 डोज उपलब्ध हो जाने से न सिर्फ केंद्र बल्कि बूथों की संख्या को भी बढ़ाया जाने लगा है।
शत प्रतिशत टीकाकरण की जागरूकता को लेकर प्रचार प्रसार का कार्य भी तेज किया गया है। अधिक से अधिक नागरिकों को टीका लग सके, इसके लिए इसके लिए न सिर्फ केंद्र, बल्कि बूथों की संख्या को भी बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान चलाकर टीकाकरण कराया जा रहा है। गुरुवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही टीका लगवाने वालों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर बाद तक जारी रहा।
कोविड वैक्सीन स्टोर के प्रभारी पारसनाथ ने बताया कि जिले में पहले से ही 5440 डोज कोविडशील्ड व 7400 डोज कोवैक्सीन की मौजूद है। 12500 नयी डोज मिलने के बाद मौजूदा समय में 25440 डोज टीकाकरण के लिए हो गयी है। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि जो डोज बुधवार रात शासन से प्राप्त हुई है, उसे गुरुवार सुबह सभी कोल्ड चेन सेंटर पर भेज दिया गया। फिलहाल जिले में वैक्सीन डोज की कोई कमी नहीं है।