मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को जलालपुर आएंगे। वे यहां एक वैवाहिक आयोजन में शिरकत करेंगे। इसे लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है।
जलालपुर तहसील अंतर्गत कटघर कमाल निवासी व मुलायम यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद एबाद के दो भाइयों के विवाह के बाद बुधवार को गांव में प्रीतिभोज कार्यक्रम है। इसमें भाग लेने व नव दंपतियों को आशीर्वाद देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव यहां पहुंच रहे हैं।
उनके साथ बेसिक शिक्षामंत्री अहमद हसन भी आएंगे। डीएम विवेक ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 8:30 बजे लखनऊ से हेलीकाप्टर से चलकर 9 बजे सम्मनपुर के कटघर कमाल गांव के बाहर बने हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वे कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे।
नव दंपतियों को आशीर्वाद देने के बाद वे सुबह 10 बजे हेलीकाप्टर से वापस लखनऊ चले जाएंगे। एएसपी राहुलराज ने बताया कि जलालपुर नगर से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।