अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लंबित आवेदनों के निस्तारण में देरी पर डीएम ईशा प्रिया ने बैंकर्स को कड़ी हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र परीक्षण कर स्वीकृति और ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए।
महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित क्षमता निर्माण कार्यशाला में डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने वाली सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसकी सफलता बैंक और संबंधित विभागों के बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवा केवल प्रक्रियागत देरी के कारण योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए।
पिछले दो वर्षों में जनपद का प्रदर्शन प्रदेश में बेहतर रहा है और इसी कारण प्रदेश के अग्रणी जिलों में स्थान मिला। उन्होंने इस वर्ष भी उसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर अधिक से अधिक युवाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला में बैंकर्स, विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी मित्र तथा इंजीनियरिंग कॉलेज व आईटीआई के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।