लोहिया भवन में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों की समीक्षा करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रविवार को जनपद दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शनिवार को ही पूरी कर लीं। लोहिया भवन में डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को जिम्मेदारियों का पूरी मुस्तैदी से पालन किए जाने का निर्देश दिया गया। उधर, एसपी ने भी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बाद में दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने डीएम व एसपी के साथ सभास्थल हवाईपट्टी पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उधर, शनिवार देर शाम एक बार फिर संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सीएम पहले केदारनगर क्षेत्र निवासी अखिलेश मिश्र केघर हेलीकॉप्टर से जाएंगे, इसक ेबाद अकबरपुर हवाई पट्टी पहुंचकर कार से मंत्री राममूर्ति वर्मा के घर वैवाहिक आयोजन में भाग लेंगे।
वहां से लौटकर हवाईपट्टी पर आयोजित सभा व अन्य आयोजनों में शामिल होंगे। करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण व आधारशिला रखने एवं मेधावियों में लैपटॉप वितरण समेत कई योजनाओं में पात्रों को लाभ दिए जाने के साथ-साथ दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा के भतीजे के वैवाहिक आयोजन में भाग लेने मुख्यमंत्री अखिलेश रविवार को जनपद के एक दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं।
उनके कार्यक्रम में कोई कमी न रह जाए, इसे लेकर शनिवार को प्रशासनिक अमला हलकान रहा। सुबह से ही बैठकों का दौर शुरू हुआ जो देर शाम तक जारी रहा। लोहिया भवन में हुई जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में डीएम विवेक ने सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कहा कि जिन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी तत्परता से करें। उधर, एसपी अजय कुमार सिंह ने भी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
डायवर्ट होगा ट्रैफिक यातायात प्रभारी सुधांशु ने बताया कि सीएम के कार्यक्रम के चलते रविवार को टांडा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहेगा। अकबरपुर से टांडा जाने वाले वाहनों को बसखारी रोड से निकलना होगा जबकि टांडा से अकबरपुर आने वाले वाहन बसखारी व बरियावन मार्ग से जाएंगे। यह डायवर्जन सुबह छह बजे से अपराह्न एक बजे तक लागू रहेगा।