बसखरी (अंबेडकरनगर)। बसखारी थाना के अछती गांव के पास सोमवार रात दो बाइकों की टक्कर में हंसवर के शंकरपुर बिशुनपुर गांव निवासी शुभम (19) की मौत हो गई। हादसे में शुभम का साथी व दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुभम 11वीं कक्षा का छात्र था।
हंसवर थाना क्षेत्र के शंकरपुर बिशुनपुर गांव निवासी ओमप्रकाश का बेटा शुभम आलापुर के सैदपुर रसीदपुर गांव में अपने मामा रामजी यादव के घर पर रहकर पढ़ाई करता था। सोमवार देर शाम वह मामा की बाइक लेकर बसखारी गया था। बाइक शुभम चला रहा था। बाइक पर पीछे उसका मित्र राकेश बैठा था। अछती पेट्रोलपंप के पास पीछे से आ रहा बाइक सवार शेखपुरा मालपुरा निवासी दीपक चौहान उनसे टकरा गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचाया, जहां शुभम को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक संत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के मामा की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।
मामा बोले, मैं फिर हो गया निसंतान
शुभम की मौत के बाद मृतक के मामा रामजी यादव बदहवास हो गए। रोते हुए बताया कि उनकी एक संतान थी, जिसकी पूर्व में मौत हो गई थी। बहन प्रमिला ने अपने बेटे शुभम को मुझे सौंप दिया था। तब से वह मेरे बेटे की तरह घर पर ही रहता था। पढ़ाई में अव्वल था। हाईस्कूल में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने के बाद उसने अफसर बनने की ठानी थी। उसकी मौत के बाद मैं फिर से निसंतान हो गया हूं। अब अपने बहन-बहनोई को क्या जवाब दूंगा।
सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली से टकराई रोडवेज बस, छह यात्री घायल
अकबरपुर बस स्टेशन से मंगलवार की सुबह छह बजे रोडवेज डिपो लखनऊ के लिए रवाना हुई। चालक विनोद पांडेय बस चला रहे थे। उनके साथ परिचालक राकेश सिंह प्रथम यात्रियों का टिकट काट रहे थे। बस में 10 यात्री सवार थे। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर रग्घुपुर के निकट सुबह करीब 6:30 बजे रोडवेज बस सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। हादसे में बस में बैठे टांडा के आकाश (22), अमेठी निवासी विनोद (46), रामनगर थाने के भोजपुरी निवासी अमन (22), लखनऊ के पॉलीटेक्निक चौराहा निवासी अर्जुन (19), अकबरपुर के राजेपुर धावां गांव के सुरेश (46) और बनगांव डिहवा की मुस्कान (18) घायल हो गईं। पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे एआरएम हरिओम श्रीवास्तव ने घायलों को कटेहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज सद्दपुर रेफर कर दिया गया। एआरएम ने बाताया कि दूसरी बस से शेष यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
डिवाइडर से टकराई बाइक, महिला की मौत, युवक जख्मी
सम्मनपुर क्षेत्र के बरीयवन बाजार में देर शाम एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वाराणसी की शबनम खातून (30) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वह किछौछा स्थित दरगाह के दर्शन करने के लिए आई हुई थीं। यहां वह एक रिश्तेदार के साथ बाइक से जा रही थीं। थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल युवक का इलाज किया जा रहा है।
गाैहन्ना में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गौहन्ना तिराहे के निकट मंगलवार देर शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोटें लगीं। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक भिखारीपुर की तरफ से आया था। युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि युवक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई है।
अयोध्या में हुए हादसे में मजदूर की माैत
अयोध्या। अंबेडकरनगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पलई कल्याणपुर निवासी गुड्डन यादव रौनाही थाना क्षेत्र के पूरे काशीनाथ के पास मजदूरी करते थे। मंगलवार की सुबह वह चाय पीने निकले थे और हाईवे पार करते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दो कार टकराईं, दो लोग घायल, बचे महंत
अंबेडकरनगर। मंसापुर कुटी के महंत बाबा सुखराम दास सोमवार को बस्ती स्थित कुटी में गए थे। मंगलवार को कार से वापस लौट रहे थे। पुलिस लाइन के निकट कार के सामने अचानक ई रिक्शा आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार दूसरी कार से जा टकराई। इससे महंत तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी कार में पीछे बैठे दो लोग जख्मी हो गए।