अंबेडकरनगर। धागा फैक्टरी के निदेशक को लेकर किए गए दुर्व्यवहार मामले में आरोपी चौकी प्रभारी दोषी पाए गए। उन पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
ममरेजपुर स्थित पार्थ धागा कंपनी के निदेशक अंकित पांडेय ने बीते दिनों एसपी को पत्र देकर कहा था कि मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने मिल पर पहुंचकर उनकी गैर मौजूदगी में उन्हें लेकर अभद्र व्यवहार किया। देख लेने की धमकी भी दी। शिकायत में कहा कि अवैध उद्देश्यों की पूर्ति के लिए चौकी इंचार्ज द्वारा यह कृत्य किया गया।
एसपी ने मामले की जांच सीओ टांडा शुभम कुमार को सौंप दी थी। सीओ ने जांच पूरी करते हुए एसपी को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। खबर है कि इसमें चौकी प्रभारी को अभद्र व्यवहार का दोषी पाते हुए विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। हालांकि धन उगाही जैसे आरोपों को जांच में खारिज कर दिया गया।