अंबेडकरनगर। माध्यमिक विद्यालयों की जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता सोमवार को शास्त्री औद्योगिक इंटर कॉलेज कासिमपुर कर्बला बाजार में सोमवार को हुई। प्रतियोगिता में जनपद भर के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। टांडा और किछौछा क्षेत्रों की टीमों का दबदबा पूरे आयोजन में कायम रहा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन आयोजक विद्यालय के प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। जूनियर बालक वर्ग में नाऊसांडा ने अकबरपुर को हराकर खिताब जीता, वहीं जूनियर बालिका वर्ग में कटेहरी क्षेत्र की टीम ने किछौछा को कड़ी टक्कर के बाद पराजित किया। सब जूनियर बालक वर्ग में टांडा क्षेत्र और सब जूनियर बालिका वर्ग में फिर किछौछा क्षेत्र की टीम ने जीत दर्ज की। किछौछा की बालिकाओं ने फाइनल में अकबरपुर क्षेत्र को पराजित किया।
सेमीफाइनल मुकाबले भी खासे दिलचस्प रहे। सीनियर बालकों में टांडा ने नेवादा को और राजेसुल्तानपुर ने भीटी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में टांडा ने राजेसुल्तानपुर को हराया। सीनियर बालिकाओं में किछौछा ने हंसवर को शिकस्त दी।
कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। सम्मान वितरण विद्यालय प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा और पूर्व प्रधानाचार्य सभाजीत वर्मा ने किया। प्रतियोगिता संचालन बीर बहादुर सिंह ने किया। जिला क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह ने जानकारी दी कि अब विजेता टीमें मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में अयोध्या जनपद का रुख करेंगी।