जिले के अकबरपुर तहसील अंतर्गत खेंवार गांव में बुखार से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई जबकि छह से अधिक अन्य ग्रामीण पीड़ित बताए जाते हैं। बदलते मौसम के चलते संक्रामक रोगों का यह प्रकोप खेंवार तक ही सीमित नहीं है। तेज बुखार व बदन दर्द से पीड़ित चार नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से एक की हालत गंभीर है।
इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने तत्परता बरतते हुए खेंवार गांव में मेडिकल टीम भेजकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कराई। स्वास्थ्य राज्य मंत्री शंखलाल मांझी ने भी मामले में तत्परता बरतते हुए माकूल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि लगातार बदल रहे मौसम के चलते जिले में संक्रामक रोग तेजी से पांव पसार रहे हैं। आए दिन पीड़ित मरीज जिला अस्पताल में पहुंच रहे हैं।
इसके बावजूद जिला अस्पताल में अलग से वार्ड की स्थापना नहीं की जा सकी है। इस बीच अकबरपुर तहसील के खेंवार गांव से गुरुवार सुबह बुखार से पीड़ित दो वर्षीय मासूम बालिका की मौत की खबर आने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। दरअसल गांव निवासी उमापति की दो वर्षीय पुत्री गरिमा 2 अगस्त को तेज बुखार से पीड़ित हुई। उसे पहले ठंड लगी फिर उसे उल्टी होने लगी।
परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल लाने की बजाए एक निजी चिकित्सक को दिखाया। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह गरिमा की मौत हो गई। कई अन्य ग्रामीण भी वहां बुखार से पीड़ित बताए गए। इसकी खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य राज्य मंत्री शंखलाल मांझी ने मामले में तत्काल समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. जीआर चंद्रा ने फौरन उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीराम के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम गठित कर दी और उसे गांव भेजा। टीम ने गांव पहुंचकर बुखार से पीड़ित बच्चों के अलावा गांव के अन्य लोगों के भी स्वास्थ्य की जांच की। बुखार से पीड़ित लोगों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराईं। उपमुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि गांव में कुल 20 लोगों की जांच की गई है।
इनमें तीन-चार लोग सर्दी-खांसी से पीड़ित हैं। अन्य किसी को बुखार नहीं है। उधर, गुरुवार को भी तेज बुखार व बदन दर्द से पीड़ित चार नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। मालीपुर थाना अंतर्गत सैदपुर गांव निवासी शालू (12) पुत्री फूलचंद्र को बुधवार देर शाम तेज बुखार चढ़ गया। साथ ही सिर में तेज दर्द होने लगा।
परिवारीजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन तबियत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सम्मनपुर थाना अंतर्गत मछलीगांव निवासिनी दुर्गा (17) पुत्री सुक्कू को तेज बुखार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना अंतर्गत सिकरोहर गांव निवासिनी प्रियांशी (20) पत्नी अनिरुद्ध को बुधवार देर शाम तेज बुखार चढ़ गया।
स्थानीय इलाज के बाद तबियत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत महुआरी गांव निवासिनी रेखा (15) पुत्री रामचरन गुरुवार सुबह बुखार की चपेट में आकर जिला अस्पताल में भर्ती हुई।