जलालपुर (अंबेडकरनगर)। रुपये लेते वीडियो वायरल होने के मामले में सीएमओ ने नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी अधीक्षक डॉ. भास्कर को हटा दिया गया। उन्हें अकबरपुर सीएचसी से संबद्ध करने के साथ प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए एक टीम बनाई गई है।
मालूम हो कि बीते दिनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर के प्रभारी अधीक्षक डॉ. भास्कर से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वे एक व्यक्ति से मेज के नीचे से कुछ रुपये लेते देखे गए। वीडियो वायरल होने पर उन्होंने सफाई दी। कहा कि यह पैसे एक कर्मचारी को उधार दिए थे। उस कर्मचारी से पैसे वापस ले रहे थे। हालांकि उनके पास इस बात का कोई स्पष्ट जवाब नहीं था कि उधार के पैसे मेज के नीचे से वापस क्यों ले रहे थे।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ डॉ श्रीकांत शर्मा ने सीएचसी प्रभारी को उनके पद से हटा दिया है। उन्हें सीएचसी अकबरपुर से संबंद्ध किया गया है। इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। उधर, सीएमओ ने उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके बादल को नगपुर सीएचसी का नया प्रभारी नियुक्त किया है।