अंबेडकरनगर। बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर के छात्र चैतन्य शिखर ने प्रदेश स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग के 63 से 68 किलोग्राम भार वर्ग में चैतन्य ने शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ उनका चयन राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
चैतन्य ने अयोध्या मंडल की टीम की ओर से प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ शुरुआत की। इसके बाद सहारनपुर मंडल के खिलाड़ी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में प्रयागराज मंडल के खिलाड़ी को शिकस्त देकर फाइनल में पहुंचे। खिताबी मुकाबले में चैतन्य ने आगरा मंडल के शिवम सिंह यादव को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चैतन्य की मां अर्चना अग्रहरि ने बेटे की सफलता पर खुशी जताई।
उन्होंने बताया कि चैतन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने के साथ भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। डीआईओएस कौस्तुभ कुमार सिंह, जिला क्रीड़ाधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी और खेल शिक्षक वीरेश कुमार ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।