अंबेडकरनगर। हाड़कंपाऊ ठंड के बीच जिला अस्पताल में दिव्यांग शिविर का आयोजन हुआ। दूरदराज से प्रमाणपत्र लेने आए 50 दिव्यांगों ने पंजीकरण कराया। जांच के बाद पात्र पाए गए 44 आवेदकों को मौके पर ही प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया गया। साथ ही दिव्यांगों से आह्वान किया गया कि वे प्रमाणपत्र के माध्यम से योजनाओं का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं।
बताते चलें कि दिव्यांगों को उनके उत्थान के लिए संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके, इसके लिए शिविर के माध्यम से उन्हें प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाता है। जिला अस्पताल में प्रत्येक सोमवार को दिव्यांग शिविर का आयोजन कर जांच के बाद दिव्यांगों को प्रमाणपत्र दिया जाता है। इसी क्रम में सोमवार को जिला अस्पताल में दिव्यांग शिविर का आयोजन हुआ। गलनभरी ठंड के बावजूद प्रमाणपत्र के लिए दूरदराज के क्षेत्रों से 50 दिव्यांगों ने पंजीकरण कराया।
डॉ. अजीत व डॉ. पंकज के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद 44 आवेदकों को पात्र पाया। ऐसे में उन्हें मौके पर ही प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया गया। इस दौरान रामसुभग, वीके चौधरी आदि मौजूद रहे। इस बीच चिकित्सकों ने दिव्यांगों से आह्वान किया कि उनके उत्थान के लिए शासन द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रमाणपत्र के माध्यम से इन योजनाओं का बढ़ चढ़कर लाभ उठाएं। इसमें यदि किसी भी प्रकार की मुश्किल हो, तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदारों को दें। प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।