फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जलालपुर में पकड़ी सामूहिक नकल

Mon, 20 Mar 2017 10:42 PM IST
अमर उजाला/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
परीक्षा - फोटो : symbolic
विज्ञापन
यूपी बोर्ड परीक्षा में साइलेंट व सामूहिक नकल पकड़े जाने का मामला सामने आया है। रामफेर मौर्य स्मृति बालिका इंटर कॉलेज परकौली में सोमवार को हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा के दौरान एसडीएम विवेक मिश्र ने छापा मारा तो वहां एक कक्ष में चार बच्चों की कॉपियां एक जैसी लिखी पाई गईं।
विज्ञापन


उनके उत्तर आपस में मिल रहे थे। इसे सामूहिक नकल का मामला मानते हुए एसडीएम ने फौरन प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद न सिर्फ केंद्र व्यवस्थापक बल्कि एक कक्ष निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया। 

गौरतलब है कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के शुरुआती दौर से ही धड़ल्ले से कहीं साइलेंट तो कहीं बोलकर नकल कराए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने को लेकर जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते पहले दिन से ही नकल माफिया हावी रहे।
विज्ञापन


इसी का नतीजा है कि ज्यादातर परीक्षा केंद्रों पर धड़ल्ले से नकल जारी है। इस बीच सोमवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा के दौरान एसडीएम विवेक मिश्र विभिन्न केंद्रों का जायजा लेते हुए रामफेर मौर्य स्मृति बालिका इंटर कॉलेज परकौली पहुंचे। वहां एक कक्ष में बाकायदा बोलकर नकल कराए जाने की स्थिति पाई गई। 

एसडीएम के पहुंचने पर केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। एक कक्ष में जाकर उन्होंने छात्र-छात्राओं की उत्तर पुस्तिका की जांच की। एक-एक कर जिन चार छात्र-छात्राओं की कॉपियां देखी गईं, सभी में एक ही प्रश्न के उत्तर लिखे हुए थे। इससे साफ तौर पर सामूहिक नकल कराए जाने का मामला बन रहा था।

एसडीएम ने इस पर केंद्र व्यवस्थापक रामदरश मौर्य व कक्ष निरीक्षक राजेश कुमार को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से दोनों को कार्यमुक्त किए जाने का निर्देश दिया। बाद में केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक को मौजूदा बोर्ड परीक्षा से हटा दिया गया।

वहां नए केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की जा रही है। हटाए गए केंद्र व्यवस्थापक ने बोलकर या साइलेंट नकल की बात से इंकार किया है। कहा कि कॉपियों का मिलना संयोग रहा होगा। एसडीएम विवेक मिश्र ने बताया कि चार बच्चों की कॉपियां एक जैसी मिल रही थीं। इससे नकल का मामला साफ जाहिर था। केंद्र व्यवस्थापक व शिक्षक को हटा दिया गया है।  

उधर प्रथम पाली में सोमवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल गृहविज्ञान विषय की परीक्षा में एक छात्रा को नकल करते डीआईओएस ने पकड़ लिया। आवश्यक प्रक्रिया के बाद उसे दूसरी कापी दे दी गई। उधर, प्रथम पाली में ही गणित व गृहविज्ञान की परीक्षा में कुल पांच हजार 217 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। पंजीकृत 47 हजार 977 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 42 हजार 760 ने परीक्षा दी। 

अव्यवस्थाओं के बीच 16 मार्च से शुरू हुई यूपी बोर्ड परीक्षा में सोमवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल गृहविज्ञान विषय की परीक्षा में नकल करते एक छात्रा पकड़ी गई। जानकारी के अनुसार डीआईओएस विनोद सिंह के नेतृत्व वाली सचल टीम विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए तीर्थराजी इंटर कॉलेज आमा दरवेशपुर पहुंची।

जांच के दौरान गृहविज्ञान की परीक्षा दे रही एक छात्रा के पास से नकल सामग्री बरामद हुई। इस पर तत्काल उससे कॉपी ले ली गई। डीआईओएस ने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया के बाद पकड़ी गई छात्रा को दूसरी कॉपी दे दी गई। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को फटकार लगाते हुए कहा कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
उधर प्रथम पाली में हाईस्कूल गणित व गृहविज्ञान की परीक्षा में कुल 47 हजार 977 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 42 हजार 760 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार कुल 5217 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा किया।

डीआईओएस ने बताया कि हाईस्कूल गणित विषय में पंजीकृत 30 हजार 935 के सापेक्ष 27 हजार 382 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इसमें कुल 3553 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल गृहविज्ञान विषय की परीक्षा में 17 हजार 42 के सापेक्ष 15 हजार 378 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। एक हजार 664 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें