अंबेडकरनगर। प्रदेश के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के विरुद्घ अभद्र टिप्पणी करने वाले राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के संविदा चिकित्सक अवनीश कुमार द्वारा बिना रजिस्ट्रेशन के निजी अस्पताल का संचालन करने के मामले में केस दर्ज होने के आसार बन गये हैं। वहीं, डॉ. अवनीश की बर्खास्तगी की संस्तुति मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शासन को कर दी है। माना जा रहा है कि इस पर शासन की तरफ से अंतिम मुहर लग जाएगी।
बताते चलें कि राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में कार्यरत संविदा चिकित्सक अवनीश कुमार का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह एक मरीज के तीमारदार से अभद्रता करने के साथ ही प्रदेश के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री को लेकर अभद्र टिप्पणी करते दिख रहे थे। डॉ. अवनीश कुमार अकबरपुर नगर के निकट एमकेडी अस्पताल का संचालन भी करते हैं।
वहीं उनका एक मरीज के तीमारदार से विवाद हुआ था। इसी का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने आनन-फानन एमकेडी अस्पताल पहुंचकर जांच की तो पाया कि स्वास्थ्य विभाग में उसका रजिस्ट्रेशन ही नहीं है। कार्रवाई के डर से डॉ. अवनीश अपने अस्पताल में ताला लगाकर स्टाफ समेत भाग गये। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को ही उनका अस्पताल सील करके नोटिस चस्पा कर दो दिन के भीतर अस्पताल संचालन से जुडे़ साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा था। ये अवधि गुरुवार को समाप्त हो रही है। ऐसे में बिना रजिस्ट्रेशन निजी अस्पताल का संचालन करने के मामले में डॉ. अवनीश कुमार पर केस दर्ज होगा।
वहीं, प्राचार्य डॉ. संदीप कौशिक ने मंगलवार को ही कमेटी गठित कर जरूरी प्रक्रिया सुनिश्चित करायी। इसके बाद बुधवार को डॉ. अवनीश कुमार के संपूर्ण आचरण को प्रतिकूल पाते हुए मेडिकल कॉलेज से उन्हें बर्खास्त करने की संस्तुति शासन को कर दी गई। उम्मीद है कि एक-दो दिन में शासन की तरफ से इस पर अंतिम मुहर लग जायेगी।